पाकिस्तान लंबे समय बाद आईसीसी इवेंट की मेज़बानी कर रहा है। भारत को बुलाने के लिए पाकिस्तान ने भरसक प्रयास किया लेकिन अंततः बात नहीं बनी और भारत ने हाइब्रिड मॉडल ही अपनाया। जबकि बाक़ी टीमों के मैच पाकिस्तान की सरज़मीं पर ही खेले जाएंगे। ऐसे में टीमें पाकिस्तान पहुँची हैं। इस बीच अफ़ग़ानिस्तान टीम भी पाकिस्तान पहुंच गई। लेकिन इधर अफ़ग़ानिस्तान टीम पाकिस्तान आई और उधर पाकिस्तान ने अफ़ग़ानिस्तान पर एयर स्ट्राइक कर दी। जिसमें क़रीब 100 लोगों के मारे जाने की खबर है।
अफ़ग़ानिस्तान की टीम 12 फरवरी को पाकिस्तान पहुंची थी। जबकि 16 फ़रवरी की रात को पाकिस्तान ने अफ़ग़ानिस्तान पर एयर स्ट्राइक कर दी। पाकिस्तान ने अफ़ग़ानिस्तान के पक्तिका और बरमल इलाक़ों के साथ–साथ उत्तरी वज़ीरिस्तान के शवाल में अटंकवादी ठिकानों पर हमला किया गया। दूसरी ओर नंगरहार के लालपुर ज़िले में सीमा पर अफ़ग़ान तालिबान लड़ाकों और पाकिस्तानी बलों के बीच झड़प भी हुई।
अफ़ग़ानिस्तान ने पहली बार चैंपियंस ट्रॉफी में किया क्वालीफाई
अफ़ग़ानिस्तान ने पहली बार चैंपियंस ट्रॉफी के लिए क्वालीफाई किया है। अफ़ग़ानिस्तान को ग्रुप बी में ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ़्रीका और इंग्लैंड के साथ रखा गया है। अफ़ग़ानिस्तान का पहला मैच साउथ अफ़्रीका के साथ कराची में 21 फ़रवरी को होगा। इसके बाद 26 फ़रवरी को इंग्लैंड से सामना होगा। 28 फ़रवरी को ग्रुप स्टेज का आख़िरी मैच अफ़ग़ानिस्तान लाहौर में खेलेगी।
अफ़ग़ानिस्तान और पाकिस्तान के बीच रिश्ते मज़बूत नहीं
पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच संबंध ठीक नहीं है। दोनों ही देश एक दूसरे पर अतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हैं। इसके अलावा दोनों देशों के बीच पानी के बंटवारे को लेकर भी विवाद की स्थिति बनी हुई है। साथ ही अफ़ग़ानिस्तान में अस्थिरता के कारण लाखों अफ़ग़ानी शरणार्थी पाकिस्तान में शरण ले रहे हैं। इसको लेकर भी दोनों देशों के बीच तनाव है।